यूक्रेन में चल रहे युद्ध के मद्देनज़र, भारत के विदेश मंत्रालय ने एक नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें सभी भारतीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी लुभावने ऑफर के झांसे में आकर रूसी सेना में शामिल न हों, क्योंकि यह फैसला उनके लिए जानलेवा साबित हो सकता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि सरकार को ऐसी जानकारी मिली है कि कुछ भारतीय नागरिक रूसी सेना में भर्ती हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले एक साल से इस बारे में लगातार लोगों को आगाह कर रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, लगभग 15 भारतीय नागरिक यूक्रेन के युद्धक्षेत्र में फंसे हुए हैं, जिन्हें रूस की तरफ से लड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इस गंभीर स्थिति के बाद, भारत सरकार ने इस मुद्दे को लेकर नई दिल्ली में रूसी राजदूत से बात की है। इसके अलावा, मॉस्को में भारतीय दूतावास भी फंसे हुए नागरिकों की जल्द रिहाई और सुरक्षित वापसी के लिए रूसी अधिकारियों से बातचीत कर रहा है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि फंसे हुए भारतीयों के परिवारों से संपर्क किया जा रहा है।
