हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) नवंबर में भारतीय वायुसेना को दो तेजस मार्क-1ए लड़ाकू विमान देने के लिए तैयार है। अधिकारियों के अनुसार, एचएएल को अमेरिकी रक्षा कंपनी जीई एयरोस्पेस से तीन GE-404 जेट इंजन मिल चुके हैं , जबकि चौथा इंजन इस महीने के अंत तक मिलने की उम्मीद है।
सरकार ने फरवरी 2021 में एचएएल के साथ 83 तेजस मार्क-1ए विमानों की खरीद के लिए 48,000 करोड़ रुपए का समझौता किया था। हालांकि, अमेरिकी इंजन की डिलीवरी में देरी के कारण अब तक एक भी विमान नहीं सौंपा जा सका है। उम्मीद है कि एचएएल 2028 तक सभी विमानों को वायुसेना को सौंप देगा।
तेजस का यह एडवांस वर्जन, एलसीए मार्क 1ए, बेहतर एवियॉनिक्स और रडार सिस्टम से लैस है। इसके 65% से अधिक उपकरण भारत में बने हैं। यह एक हल्का, सिंगल-इंजन वाला लड़ाकू विमान है जिसे एचएएल ने ही विकसित किया है।
इसके अतिरिक्त, केंद्र सरकार ने 19 अगस्त को 97 अतिरिक्त एलसीए मार्क 1ए फाइटर जेट खरीदने के लिए 62,000 करोड़ रुपए की एक और परियोजना को भी मंजूरी दी थी।