जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों ने कुंबकडी के जंगल में दो आतंकवादियों को मार गिराया। नियंत्रण रेखा (LOC) के पास इस इलाके में यह ऑपरेशन 13 अक्टूबर की शाम 7 बजे शुरू हुआ था। ये आतंकवादी घुसपैठ की फिराक में थे, लेकिन सेना के जवानों ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व 8 सितंबर को कुलगाम के गुड्डर के जंगलों में हुई मुठभेड़ में भी दो आतंकी मारे गए थे, जिसे सेना ने ‘ऑपरेशन गुड्डर’ नाम दिया था। इस ऑपरेशन में दुर्भाग्यवश दो जवान शहीद भी हुए थे। मारे गए आतंकियों में से एक शोपियां का आमिर अहमद डार था, जो लश्कर-ए-तैयबा संगठन से जुड़ा हुआ था और सितंबर 2023 से सक्रिय था। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पहलगाम हमले के बाद जारी किए गए 14 आतंकियों की लिस्ट में डार का नाम भी शामिल था।