नई दिल्ली: केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने त्योहारों के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आनंद विहार रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण 19 अक्टूबर 2025 को किया गया।
केंद्रीय मंत्री ने स्टेशन के होल्डिंग एरिया का जायजा लिया और यात्रियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने यात्रियों से स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में प्रतिक्रिया (फीडबैक) भी ली।
मीडिया से बातचीत में श्री वैष्णव ने कहा कि रेलवे ने अत्यधिक भीड़ के बावजूद यात्रियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक व्यवस्थाएँ की हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
फर्जी वीडियो पर सख्त कार्रवाई: रेल मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर रेलवे के बारे में फर्जी वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे ऐसे वीडियो प्रसारित न करें।
उन्होंने विश्वास जताया कि भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं के लिए की गई ये व्यापक व्यवस्थाएँ दिवाली और छठ जैसे आगामी प्रमुख त्योहारों के दौरान लाखों यात्रियों के लिए सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेंगी। श्री वैष्णव ने बताया कि इस त्योहारी सीज़न में 12 लाख रेलवे कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं और अधिक से अधिक ट्रेनों का संचालन कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार और उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा सहित कई अन्य वरिष्ठ रेलवे अधिकारी उपस्थित थे।