अमरकंटक ताप विद्युत गृह की यूनिट-5 ने 400 दिन लगातार बिजली उत्पादन कर मध्य प्रदेश में बनाया कीर्तिमान

अमरकंटक ताप विद्युत गृह की यूनिट-5 ने 400 दिन लगातार बिजली उत्पादन कर मध्य प्रदेश में बनाया कीर्तिमान

मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी (MPPGCL) के अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई (ATPS) की 210 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर 5 ने प्रदेश के विद्युत उत्पादन के इतिहास में एक अभूतपूर्व रिकॉर्ड कायम किया है। यह इकाई लगातार 400 दिनों तक संचालित रहने वाली मध्य प्रदेश की पहली विद्युत उत्पादन यूनिट बन गई है।

यह यूनिट 1 अक्टूबर 2024 से निरंतर बिजली पैदा कर रही है, और इसने पिछले महीने 4 अक्टूबर को ही 365 दिन (एक वर्ष) तक निर्बाध उत्पादन करने की उपलब्धि हासिल कर ली थी। यूनिट 5 के इस अबाध संचालन से राज्य के विद्युत ग्रिड को मजबूत स्थिरता मिली है, जिससे घरेलू और औद्योगिक उपभोक्ताओं को बिजली की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित हुई है।

इस ऐतिहासिक सफलता पर ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा श्री नीरज मंडलोई और प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए यूनिट के अभियंताओं और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को उनकी लगन, मेहनत और समर्पण का सबसे बड़ा प्रमाण बताया।

रिकॉर्ड बनाते समय यूनिट ने 98.26% का शानदार प्लांट उपलब्धता फेक्टर (PAF) और 94.58% का प्लांट लोड फेक्टर (PLF) हासिल किया, जो इसकी उत्कृष्ट तकनीकी दक्षता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *