एमपी ट्रांसको ने शामगढ़ सब-स्टेशन की क्षमता दोगुनी की; 21 हज़ार उपभोक्ताओं को मिलेगी निर्बाध बिजली

एमपी ट्रांसको ने शामगढ़ सब-स्टेशन की क्षमता दोगुनी की; 21 हज़ार उपभोक्ताओं को मिलेगी निर्बाध बिजली

भोपाल/मंदसौर: ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में विद्युत पारेषण व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने 132 केवी सबस्टेशन शामगढ़ में एक 40 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफॉर्मर सफलतापूर्वक स्थापित कर उसे ऊर्जीकृत कर दिया है।

इस महत्वपूर्ण विस्तार के परिणामस्वरूप, शामगढ़ सब-स्टेशन की क्षमता 40 एमवीए से बढ़कर 80 एमवीए हो गई है। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि इस क्षमता वृद्धि से शामगढ़ तहसील क्षेत्र के 21,000 से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली सुनिश्चित की जा सकेगी।

एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता वाय. आर. मांडलेकर ने बताया कि इस अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर का सीधा लाभ मंदसौर जिले के चंदवासा, शामगढ़ और लिफ्ट इरीगेशन फीडरों के उपभोक्ताओं को मिलेगा। इनमें लगभग 17,000 घरेलू, 4,000 सिंचाई और 3 हाई टेंशन उपभोक्ता शामिल हैं। इस परियोजना के पूरा होने से मंदसौर जिले में एमपी ट्रांसको के कुल 12 एक्स्ट्रा हाई टेंशन सब-स्टेशनों की संयुक्त क्षमता 2559 एमवीए से बढ़कर 2599 एमवीए हो गई है, जिससे जिले की समग्र पारेषण क्षमता में वृद्धि हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *