ब्लाइंड टी-20 वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिया ₹25-25 लाख का पुरस्कार

ब्लाइंड टी-20 वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिया ₹25-25 लाख का पुरस्कार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को ब्लाइंड विमेंस टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल जीतने वाली भारतीय टीम की मध्य प्रदेश की तीन महिला खिलाड़ियों से मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में मुलाकात की। इन खिलाड़ियों में सुश्री सुनीता सराठे, सुश्री सुषमा पटेल और सुश्री दुर्गा येवले शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन तीनों खिलाड़ियों को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रोत्साहन स्वरूप 25-25 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस राशि में से 10-10 लाख रुपये नकद दिए जाएंगे और 15-15 लाख रुपये फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में जमा किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और तीनों कोच का ट्राफी और शॉल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश का नाम रोशन करने वाली इन तीनों खिलाड़ियों की भविष्य की शिक्षा और कोचिंग का खर्च भी राज्य सरकार उठाएगी। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महिला खिलाड़ियों के कोच – सोनु गोलकर, ओमप्रकाश पाल और दीपक पाहड़े को भी 1-1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। गौरतलब है कि भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने महिला टी-20 वर्ल्ड कप क्रिकेट 2025 के फाइनल में नेपाल को हराकर यह खिताब जीता था। टीम में शामिल मध्य प्रदेश की तीनों प्रतिभाशाली खिलाड़ी – ऑलराउंडर सुश्री सुनीता सराठे (नर्मदापुरम), सुश्री सुषमा पटेल (दमोह), और बल्लेबाज व विकेटकीपर सुश्री दुर्गा येवले (बैतूल) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *