‘भोपाल में लिखा जा रहा इतिहास’: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया विक्रमादित्य द्वार और ई-बस डिपो का भूमिपूजन

‘भोपाल में लिखा जा रहा इतिहास’: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया विक्रमादित्य द्वार और ई-बस डिपो का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज का दिन अद्भुत संयोग का साक्षी बन रहा है, क्योंकि राज्य सरकार के विकास और सेवा को समर्पित दो वर्ष पूरे हो रहे हैं और भोपाल की धरती पर इतिहास लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भोपाल विरासत और विकास की दिशा में एक कदम आगे बढ़ रहा है। एक तरफ भव्य विक्रमादित्य द्वार का भूमिपूजन कर प्रदेश की विरासत को संजोया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ पीएम ई-बस सेवा के तहत अत्याधुनिक ई-बस डिपो का भूमिपूजन कर शहर को स्वच्छ, सुलभ और प्रदूषण रहित परिवहन सेवा प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को भोपाल-सीहोर मार्ग पर फंदा स्थित महाराणा प्रताप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राज्य सरकार के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सर्वप्रथम महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और विक्रमादित्य स्वागत द्वार व ई-बस डिपो का भूमि-पूजन किया। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के गौरवशाली अतीत और समृद्ध संस्कृति को दर्शाते हुए राजधानी भोपाल में राजा भोज, सम्राट विक्रमादित्य, श्रीराम, श्रीकृष्ण के नाम पर कुल 9 भव्य स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य की वीरता, न्यायप्रियता और सुशासन आज भी अनुकरणीय है। राज्य शासन उन्हीं सिद्धांतों का अनुसरण कर रहा है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की भी सराहना की।

अन्य घोषणाएँ:

  • जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बड़े तालाब को गहरा किया जाएगा।
  • क्षेत्रीय मांग पर ग्राम फंदा का नाम बदलकर हरिहर नगर करने के प्रस्ताव पर कार्रवाई होगी।
  • हुजूर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तूमड़ा में शाला भवन के लिए 5 करोड़ रुपये और ग्राम फंदा में कॉलेज भवन निर्माण की घोषणा की गई।
  • मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों के सशक्तिकरण और किसान कल्याण के लिए नदी जोड़ो अभियान चलाने का उल्लेख किया।
  • उन्होंने प्रदेशवासियों से विवाह और मृत्युभोज में फिजूलखर्ची बंद कर धन की बचत बच्चों की शिक्षा पर लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मंत्री श्री चैतन्य कुमार काश्यप, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा और महापौर श्रीमती मालती राय ने भी सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *