गुवाहाटी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी में लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (LGBIA) के नए टर्मिनल भवन का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने असम के प्रथम मुख्यमंत्री और भारत रत्न गोपीनाथ बोरदोलोई की प्रतिमा का अनावरण भी किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह नया टर्मिनल न केवल असम की हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेगा, बल्कि आर्थिक विकास और वैश्विक संपर्क के नए द्वार भी खोलेगा।
संबोधन के दौरान पीएम ने असम की उपलब्धियों की सराहना करते हुए बताया कि भारतीय न्याय संहिता लागू करने में असम देश का नंबर-एक राज्य बना है। साथ ही, 50 लाख से अधिक स्मार्ट प्री-पेड मीटर लगाकर राज्य ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। नए टर्मिनल की क्षमता सालाना सवा करोड़ से अधिक यात्रियों की होगी, जिससे पर्यटन को भारी बढ़ावा मिलेगा।