देश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। उत्तराखंड का मुनस्यारी देश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान गिरकर -25 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है। वहीं, केदारनाथ में तापमान -23 डिग्री और गंगोत्री में -21 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे वहां पानी की पाइपलाइनों में बर्फ जम गई है।
भीषण सर्दी को देखते हुए प्रशासन ने मध्य प्रदेश के 24 और राजस्थान के 20 जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। राजस्थान के माउंट आबू में लगातार तीसरे दिन तापमान शून्य पर रहा, जबकि जयपुर में मंगलवार सुबह विजिबिलिटी शून्य दर्ज की गई। विमान सेवाओं पर भी इसका गहरा असर पड़ा है; दिल्ली एयरपोर्ट और इंडिगो ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर उड़ानों में देरी की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी और मैदानी राज्यों में बारिश व कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है।
बर्फीली हवाओं और कोहरे ने थामी रफ्तार: दिल्ली में फ्लाइट्स प्रभावित, पहाड़ों में जमी नदियां
- बर्फबारी का सितम: उत्तराखंड के मुनस्यारी (-25°C), केदारनाथ (-23°C) और गंगोत्री (-21°C) में रिकॉर्ड तोड़ ठंड।
- यातायात बाधित: दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी; कोहरे के चलते अमृतसर, वाराणसी और भोपाल सहित कई रूटों की उड़ानें प्रभावित।
- स्कूलों में अवकाश: एमपी के 24 और राजस्थान के 20 जिलों के स्कूलों में ताले लटके।
- आगामी पूर्वानुमान:
- 7 जनवरी: पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और यूपी, हरियाणा, बिहार, एमपी, छत्तीसगढ़ में कोल्ड वेव।
- 8 जनवरी: मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना, तापमान में और गिरावट के संकेत।