नागपुर/भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नागपुर स्थित नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट (NCI) का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने संस्थान के विभिन्न क्लिनिकल विभागों का निरीक्षण किया और वहां तैनात चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद किया। डॉ. यादव ने चिकित्सा जगत से जुड़े स्टाफ की सेवाभावना और मरीजों के प्रति उनके समर्पण की हृदय से सराहना की।
विशेष रूप से, मुख्यमंत्री ने संस्थान में उपचार करा रहे मध्यप्रदेश के मरीजों और उनके परिजनों से भेंट की। उन्होंने मरीजों का कुशलक्षेम जाना और उनके स्वास्थ्य लाभ की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि मध्यप्रदेश सरकार अपने राज्य के नागरिकों के उपचार में हर संभव सहयोग सुनिश्चित करेगी। संस्थान के जनरल सेक्रेटरी व सीईओ श्री शैलेश जोगलेकर और मेडिकल डायरेक्टर डॉ. आनंद पाठक ने मुख्यमंत्री को अस्पताल की आधुनिक सुविधाओं और कैंसर उपचार की प्रक्रियाओं से अवगत कराया।