जम्मू: जम्मू-कश्मीर में सीमा पार से अशांति फैलाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। मंगलवार शाम राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने के बाद सुरक्षा तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
शाम करीब 7:35 बजे, केरी सेक्टर के धेरी धारा गांव के आसमान में संदिग्ध वस्तुएं मंडराती पाई गईं, जो बाद में कलाली गांव की ओर बढ़ने लगीं। सुरक्षा बलों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की और ‘काउंटर-ड्रोन सिस्टम’ को सक्रिय कर दिया, जिसके दबाव में आकर ड्रोन वापस सीमा पार भागने पर मजबूर हो गए।
वहीं दूसरी ओर, कठुआ जिले के बिलावर स्थित नजोटे जंगल में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर जब बल तलाशी ले रहे थे, तभी आतंकियों ने उन पर फायरिंग कर दी। यह क्षेत्र कहोग फॉरेस्ट बेल्ट के पास स्थित है, जहां पहले भी आतंकी गतिविधियां दर्ज की गई हैं। फिलहाल, पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन को और अधिक सघन बना दिया गया है।