जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। शुक्रवार शाम बिलावर इलाके में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के एक आतंकवादी को मार गिराया। जम्मू के आईजीपी ने इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि मारे गए आतंकी की पहचान ‘उस्मान’ के रूप में हुई है, हालांकि इसकी आधिकारिक शिनाख्त की प्रक्रिया अभी चल रही है।
इलाके में फिलहाल ऑपरेशन रुका नहीं है; सुरक्षाबलों और आतंकियों के एक समूह के बीच बिलावर में अभी भी रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। पिछले कुछ हफ्तों से यह क्षेत्र सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी में था। गौरतबल है कि पिछले सप्ताह ही एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान इसी इलाके में आतंकियों के तीन गुप्त ठिकानों का भंडाफोड़ किया गया था, जहाँ से भारी मात्रा में सामग्री बरामद हुई थी।