जबलपुर: बसंत पंचमी के पावन पर्व पर एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया, जहाँ हिंदू और मुस्लिम समुदाय के 121 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने इस कार्यक्रम में शामिल होकर नवदम्पत्तियों को सुखद भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इस आयोजन में मुख्यमंत्री कन्यादान एवं निकाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 51-51 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए।
समारोह की खास बात यह रही कि एक ही मंडप के नीचे जहाँ 118 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज से हुआ, वहीं 3 मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलवियों द्वारा संपन्न कराया गया। मुख्यमंत्री ने इस एकता की सराहना करते हुए इसे ‘सामाजिक एकता की मिसाल’ बताया। वरमाला के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं पुष्प वर्षा कर वर-वधु का स्वागत किया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे और कई अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।