महाराष्ट्र की राजनीति से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार सुबह एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया। वे 66 वर्ष के थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह 8:45 बजे उस समय हुआ जब उनका चार्टर्ड विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंड करने का प्रयास कर रहा था।
इस भीषण हादसे में अजित पवार के साथ उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई है। महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के सूत्रों ने बताया कि विमान लैंडिंग के लिए रनवे-11 की ओर बढ़ रहा था। कम दृश्यता (करीब 2000 मीटर) के कारण पायलट पहली बार में रनवे का सही अंदाजा नहीं लगा सका, जिसके बाद उसने विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले जाकर दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश की। इसी दौरान विमान रनवे से फिसल गया और उसमें भीषण आग लग गई। चौंकाने वाली बात यह है कि पायलट ने क्रैश से पहले कोई ‘मेडे’ (इमरजेंसी) कॉल नहीं किया था।