भारत ने तिरुवनंतपुरम के मैदान पर ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पांचवें और अंतिम टी-20 मैच में न्यूजीलैंड को 46 रनों से शिकस्त दी। कप्तान सूर्यकुमार यादव के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के फैसले को बल्लेबाजों ने सही साबित किया और स्कोरबोर्ड पर 271 रनों का विशाल पहाड़ खड़ा कर दिया। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूर्ण सदस्य देशों के बीच पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है।
ईशान का ऐतिहासिक शतक और सूर्या का कीर्तिमान शुरुआती झटकों के बाद, जब टीम का स्कोर 48 रन पर 2 विकेट था, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। दोनों के बीच महज 57 गेंदों में 137 रनों की साझेदारी हुई। ईशान किशन ने केवल 42 गेंदों में अपने करियर का पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज शतक है। कप्तान सूर्या ने न केवल 63 रनों की पारी खेली, बल्कि टी-20 में सबसे तेज 3000 रन (1822 गेंदें) बनाने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। अंत में हार्दिक पंड्या ने 17 गेंदों में 42 रन कूटकर भारत को 271/5 तक पहुँचाया।
गेंदबाजी में अर्शदीप का ‘पंचा’ 272 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने फिन एलन (80 रन) के दम पर कड़ा संघर्ष किया, लेकिन अर्शदीप सिंह की धारदार गेंदबाजी के आगे वे टिक नहीं सके। अर्शदीप ने 5 विकेट झटककर कीवी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। अक्षर पटेल ने भी 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए, जिसके चलते न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19.4 ओवर में 225 रनों पर ढेर हो गई।