भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) द्वारा तैयार किए गए नए वर्ष के कैलेंडर का आधिकारिक विमोचन किया। इस कैलेंडर की विशेषता इसकी कलात्मकता है, जिसमें भगवान श्री राम की अत्यंत मनोहारी छवि और अयोध्या के पवित्र धाम को बहुत ही सुंदर ढंग से चित्रित किया गया है।
इस अवसर पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधीन संचालित ‘ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड’ के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस दल में राज्य प्रमुख श्री अतुलित राय के साथ प्रबंधक श्री अनुराग सिंह, श्री प्रतीक शर्मा और श्री आशीष द्विवेदी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्य प्रदेश सहित पूरे देश में कॉमन सर्विस सेंटर द्वारा दी जा रही डिजिटल सेवाओं और जनकल्याणकारी पहलों की दिल खोलकर प्रशंसा की। प्रतिनिधि मंडल की ओर से श्री अतुलित राय ने मुख्यमंत्री को सेंटर की कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया।