मुंबई: टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-C मुकाबले में रविवार को क्रिकेट प्रशंसकों को एक अविश्वसनीय मैच देखने को मिला। वानखेड़े स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड ने नेपाल को 4 रन के मामूली अंतर से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। हालाँकि यह जीत इंग्लैंड के लिए उतनी आसान नहीं थी जितनी उम्मीद की जा रही थी। 185 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल की टीम ने अंत तक हार नहीं मानी और निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 180 रन बनाए।
मैच का असली रोमांच अंतिम ओवर में देखने को मिला जब नेपाल को जीत के लिए केवल 10 रनों की दरकार थी। तनावपूर्ण माहौल में इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक ने गेंद सैम करन को थमाई। करन ने अपनी सटीक गेंदबाजी के दम पर इस ओवर में मात्र 5 रन खर्च किए और इंग्लैंड को हार के मुंह से बाहर निकाल लिया। इस हार के बावजूद नेपाल ने अपने प्रदर्शन से दुनिया भर के दिग्गजों का दिल जीत लिया।