बुरहानपुर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 फरवरी को बुरहानपुर जिले के विकास को नई ऊंचाई देने आ रहे हैं। नेहरू स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कुल 696 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत वाले विकास कार्यों की सौगात जिलेवासियों को देंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ का वितरण भी करेंगे।
विकास कार्यों का विवरण: मुख्यमंत्री डॉ. यादव 334 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से तैयार हो चुके 32 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही, जिले के भविष्य की जरूरतों को देखते हुए 362 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत वाले 48 नए कार्यों का भूमिपूजन (शिलान्यास) भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं में अधोसंरचना, जनसुविधा और कृषि विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं, जो जिले की प्रगति में मील का पत्थर साबित होंगे।