डबल वेस्टर्न डिस्टरबेंस का अलर्ट: पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में गर्मी का ‘डबल अटैक’, जानें अपने राज्य का हाल
नई दिल्ली: देश के मौसम चक्र में एक साथ दो बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में जहाँ दो ‘वेस्टर्न डिस्टरबेंस’ (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो रहे हैं, वहीं मध्य और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान 30°C के पार पहुँचने से समय से पहले गर्मी का अहसास होने लगा है।
पहाड़ों का हाल: बर्फबारी और कड़ाके की ठंड 13 से 16 फरवरी के बीच सक्रिय विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश के आसार हैं। उत्तराखंड में स्थिति सबसे गंभीर है, जहाँ मुनस्यारी (-26°C), गंगोत्री (-21°C) और बद्रीनाथ (-19°C) जैसे सात शहरों का पारा जमाव बिंदु से काफी नीचे चला गया है। कश्मीर की मुगल रोड बर्फबारी के कारण अभी भी बंद है।
मैदानी इलाकों में पारा 30°C के पार एक तरफ पहाड़ जम रहे हैं, तो दूसरी तरफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गर्मी ने दस्तक दे दी है। बांदा (31.2°C), प्रयागराज (30.4°C) और जगदलपुर (32.7°C) में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। हरियाणा के भी 7 जिलों में तापमान 25°C के पार बना हुआ है।