नई दिल्ली/उज्जैन: आज देशभर में महाशिवरात्रि का पर्व पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। देश के 12 ज्योतिर्लिंगों सहित सभी शिवालयों में आधी रात से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। उज्जैन के विश्वप्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में आज रिकॉर्ड 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुँचने का अनुमान है।
महाकाल में विशेष आयोजन: बाबा महाकाल के पट रात 2:30 बजे ही खोल दिए गए थे और शाम 5 बजे तक लगभग 4 लाख भक्त दर्शन लाभ ले चुके हैं। भगवान महाकाल को दूल्हे के रूप में सजाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। 3 क्विंटल फूलों, 100 किलो आंकड़े के फूल और सवा लाख बेलपत्रों से भगवान का 11 फुट ऊँचा सेहरा बनाया जाएगा। विशेष बात यह है कि 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे साल में एक बार होने वाली विशेष भस्म आरती संपन्न होगी।
अन्य ज्योतिर्लिंगों का हाल:
- काशी विश्वनाथ (वाराणसी): यहाँ रात 2:15 बजे मंगला आरती के बाद 3:30 बजे से पट आम जनता के लिए खोल दिए गए।
- ओंकारेश्वर (खंडवा): यहाँ 24 घंटे निरंतर दर्शन की व्यवस्था की गई है, जहाँ रात 3 बजे से ही पूजन शुरू हो गया।
- बाबा बैद्यनाथ (देवघर): झारखंड के देवघर में पंचशूलों की विशेष पूजा के बाद बाबा बैद्यनाथ और माता पार्वती का गठबंधन संस्कार संपन्न हुआ।