खंडवा: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गए। घटना खंडवा जिले के पंधाना की है, जहाँ मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उड़ान भरते समय अचानक असंतुलित होकर लड़खड़ा गया। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री पंधाना में ‘लाड़ली बहना’ कार्यक्रम संपन्न करने के बाद वापस लौटने के लिए हेलीकॉप्टर में सवार हुए थे। जैसे ही पायलट ने टेकऑफ किया, हेलीकॉप्टर जमीन से लगभग 15-20 फीट की ऊंचाई पर जाकर डगमगाने लगा। वीडियो में देखा जा सकता है कि हेलीकॉप्टर स्थिर होने के बजाय पीछे की ओर झुकते हुए नीचे आने लगा। करीब एक मिनट तक हवा में यह अनिश्चितता बनी रही। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाई और जल्द ही संतुलन बहाल कर सुरक्षित उड़ान भरी। हेलीकॉप्टर के सही सलामत आसमान में जाते ही प्रशासन ने राहत की सांस ली।