केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज राजस्थान के जयपुर में देशभर के किसानों के लिए गेम-चेंजर माने जा रहे डिजिटल प्लेटफॉर्म “भारत-VISTAAR” का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन ‘स्मार्ट कृषि’ को साकार करने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। यह प्लेटफॉर्म किसानों के लिए एक ‘डिजिटल सलाहकार’ के रूप में काम करेगा, जो मौसम, मंडी भाव, फसल प्रबंधन और सरकारी योजनाओं की सटीक जानकारी प्रदान करेगा।
इस भव्य उद्घाटन समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान केवल “भारत-VISTAAR” ही नहीं, बल्कि “एआई फॉर एग्रीकल्चर रोडमैप” और “एग्रीकोष” जैसी महत्वपूर्ण पहलों की भी शुरुआत की जाएगी। फेज-1 में यह सुविधा हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध होगी और इसमें महाराष्ट्र, बिहार और गुजरात जैसे राज्यों के डेटा को एकीकृत किया गया है।