भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित ‘प्रोजेक्ट चीता’ को विश्व का सबसे सफल वन्यजीव पुनर्स्थापन अभियान घोषित किया है। मुख्यमंत्री ने कूनो नेशनल पार्क में चीतों की सफल बसाहट पर हर्ष व्यक्त करते हुए जानकारी दी कि आगामी 28 फरवरी 2026 तक बोत्सवाना से 8 और चीते मध्यप्रदेश लाए जाएंगे।
परियोजना की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि सितंबर 2022 से शुरू हुई यह यात्रा अब अपने तीसरे वर्ष में सफलता के स्वर्णिम सोपान पर है। दक्षिण अफ्रीकी मूल की मादा चीता ‘गामिनी’ दूसरी बार माँ बनी है, वहीं भारत में जन्मी पहली वयस्क मादा ‘मुखी’ ने भी 5 शावकों को जन्म देकर इस परियोजना को नई ऊँचाई दी है। वर्तमान में कूनो में 2023 से 2026 के बीच जन्मे कुल 39 शावकों में से 27 पूरी तरह स्वस्थ और जीवित हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2032 तक 17 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 60-70 चीतों की आत्मनिर्भर आबादी स्थापित करना है।