जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चतरू इलाके में रविवार सुबह से जारी भीषण मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। सैन्य सूत्रों के अनुसार, जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया है। सुरक्षाबलों ने उस रणनीतिक ठिकाने को ही विस्फोट से उड़ा दिया, जहाँ आतंकी छिपे हुए थे।
पूरी घटना का विवरण: आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। जैसे ही बल घेराबंदी कर रहे थे, छिपे हुए आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस ऑपरेशन में ‘2 पैरा (SF)’ के जांबाज K9 डॉग ‘टायसन’ ने अदम्य साहस का परिचय दिया। आतंकियों के ठिकाने (धोक) तक सबसे पहले टायसन ही पहुँचा, जहाँ उसे गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद टायसन डटा रहा, जिसे बाद में बेस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
यह कार्रवाई हाल ही में उधमपुर और चतरू में हुए ‘ऑपरेशन किया’ की निरंतरता में देखी जा रही है, जहाँ सुरक्षाबलों ने गुफाओं में छिपे आतंकियों को ग्रेनेड लॉन्चर (UBGLs) की मदद से ढेर किया था।