अमेरिका का उत्तर-पूर्वी इलाका इस समय एक “ऐतिहासिक” बर्फीले तूफान की चपेट में है। नेशनल वेदर सर्विस ने इसे इस क्षेत्र के लिए अब तक का सबसे बड़ा शीतकालीन तूफान करार दिया है। इस आपदा के कारण वॉशिंगटन से लेकर बोस्टन तक जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी जैसे राज्यों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरन ममदानी ने चेतावनी देते हुए कहा है कि शहर ने पिछले एक दशक में इतना भयानक तूफान नहीं देखा है। प्रशासन ने रविवार रात 9 बजे से सोमवार दोपहर तक यात्रा पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही, साल 2019 के बाद पहली बार सोमवार को स्कूलों में पारंपरिक ‘स्नो डे’ (छुट्टी) घोषित की गई है। हवाई यातायात पर इसका सबसे बुरा असर पड़ा है, जहाँ रविवार और सोमवार की लगभग 8,000 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। अकेले न्यूयॉर्क के ला गार्डिया और जेएफके हवाई अड्डों पर आधी उड़ानें ठप रहीं।