भोपाल/उज्जैन: मध्यप्रदेश की प्रतिभाशाली पहलवान प्रियांशी प्रजापत अल्बानिया से सुरक्षित भारत लौट आई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के व्यक्तिगत हस्तक्षेप और उच्च स्तरीय प्रयासों के चलते यह सफल वापसी संभव हो सकी। प्रियांशी ने अल्बानिया के तिराना में आयोजित वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप रैंकिंग सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (Silver Medal) जीता है।
मध्य-पूर्व एशिया में अचानक बढ़े युद्ध के तनाव के कारण प्रियांशी और अन्य खिलाड़ी वहां फंस गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी सुरक्षित स्वदेशी वापसी सुनिश्चित की। मुख्यमंत्री ने आज उज्जैन में प्रियांशी के पिता से वीडियो कॉल पर बात कर उनका हाल-चाल जाना, जिस पर परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
प्रियांशी ने इस प्रतियोगिता में कज़ाकिस्तान, अमेरिका और अल्बानिया जैसी दिग्गज टीमों की पहलवानों को धूल चटाकर फाइनल में जगह बनाई थी। गौरतलब है कि प्रियांशी पिछले वर्ष एशियन सीरीज़ में स्वर्ण पदक भी जीत चुकी हैं।