नई दिल्ली: ऐतिहासिक ‘दांडी नमक सत्याग्रह’ की वर्षगांठ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 1930 के आंदोलन में शामिल सभी स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक संदेश में प्रधानमंत्री ने एक विशेष संस्कृत सुभाषितम् पोस्ट किया, जिसका अर्थ है कि सत्य की ही सदैव विजय होती है और असत्य का नाश होता है। उन्होंने उस मार्ग पर चलने का आह्वान किया जिस पर चलकर ऋषियों ने परमसत्य को प्राप्त किया।
प्रधानमंत्री के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस दिन के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के इस कदम ने हर वर्ग के भीतर स्वतंत्रता की ज्वाला को प्रज्वलित किया और स्वदेशी आंदोलन को नई दिशा दी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बापू और सत्याग्रहियों के साहस को नमन करते हुए इस आंदोलन को ब्रिटिश शासन की जड़ें हिलाने वाला ऐतिहासिक अध्याय बताया।