नई दिल्ली: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को संकेत दिया कि भारत और ब्रिटेन के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता (FTA) अपने कार्यान्वयन के बेहद करीब है। एसोचैम (ASSOCHAM) के एक कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ब्रिटेन में इस समझौते को मंजूरी देने की प्रक्रिया युद्ध स्तर पर चल रही है।
यह समझौता इसी वर्ष 24 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिटेन यात्रा के दौरान ‘चेकर्स’ में हस्ताक्षरित किया गया था। पीयूष गोयल के अनुसार, यह ब्रिटेन की संसद द्वारा सबसे तेजी से मंजूर किए जाने वाले व्यापार समझौतों में से एक बनने की राह पर है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय लंदन में तैनात भारतीय राजनयिक टीम के प्रयासों और दोनों देशों के बीच बढ़ते गहरे सहयोग को दिया।