पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालात को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के संभागायुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में पेट्रोलियम उत्पाद, एलपीजी गैस, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में प्रदेश में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और नागरिकों को अफवाहों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और राज्यों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है।
राज्य स्तर पर एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां नागरिक 1800-233-3663 नंबर पर संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी जिलों में भी कंट्रोल रूम बनाए जाएं और अधिकारियों द्वारा नियमित निगरानी की जाए।
उन्होंने कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों की सतत निगरानी की जाए। प्रदेश में अब तक 335 स्थानों पर छापेमारी की गई है, जिसमें 3841 गैस सिलेंडर जब्त किए गए और 97 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति सामान्य है और किसी प्रकार की बाधा नहीं है। उर्वरकों की भी पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराया जा रहा है।