मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को इंदौर के बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में आयोजित ’17वीं सीनियर मेन्स-विमेंस नेशनल बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप’ के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बॉडी बिल्डिंग की तुलना संगमरमर की मूर्तियों पर नक्काशी करने जैसी कठिन साधना से की। मुख्यमंत्री ने इंडियन बॉडी बिल्डर फेडरेशन को 5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की और राष्ट्रीय खिलाड़ी व पद्मश्री प्रेमचंद डिगरा का विशेष सम्मान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई ऊंचाइयां मिल रही हैं और नई शिक्षा नीति में भी खेलों को विशेष स्थान दिया गया है। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। फाइनल राउंड में पंजाब के टोनू कुमार और केरल के रियाज टीके सहित पांच प्रमुख खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और विधायक रमेश मेंदोला सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।