भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस ली है। 15 मार्च 2026 को असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के लिए चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा के बाद अब मतदाताओं को सशक्त बनाने के लिए तकनीकी सुविधाओं पर जोर दिया जा रहा है।
उम्मीदवारों का लेखा-जोखा अब आपकी उंगलियों पर चुनाव आयोग ने ‘ईसीआईएनईटी’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से “अपने उम्मीदवारों को जानें (KYC)” मॉड्यूल सक्रिय किया है। इसके जरिए मतदाता किसी भी उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता, संपत्ति, देनदारियां और यहां तक कि उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उम्मीदवार के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स के लिंक भी यहाँ उपलब्ध कराए गए हैं।
नामांकन और चुनावी आंकड़े
- कुल उम्मीदवार: असम, केरल, पुडुचेरी और विभिन्न उपचुनावों के लिए वर्तमान में 1,955 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
- मतदान तिथि: इन क्षेत्रों में 9 अप्रैल 2026 को वोट डाले जाएंगे।
- नामांकन प्रक्रिया: तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में प्रक्रिया जारी है। तमिलनाडु और बंगाल (प्रथम चरण) के लिए नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अप्रैल है, जबकि बंगाल (द्वितीय चरण) के लिए यह 13 अप्रैल निर्धारित की गई है।
एक ही जगह पर सभी चुनावी सेवाएं ईसीआईएनईटी दुनिया का सबसे बड़ा एकीकृत चुनावी मंच है, जो आयोग के 40 से अधिक ऐप्स को एक साथ जोड़ता है। मतदाता इस पर फॉर्म-26 (शपथ पत्र) डाउनलोड करने के साथ-साथ वोटर लिस्ट में नाम खोजना, ई-ईपीआईसी डाउनलोड करना और बीएलओ के साथ अपॉइंटमेंट बुक करने जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।