मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने बदनावर के सिविल अस्पताल के नवीन भवन का वर्चुअल लोकार्पण करते हुए कहा कि सिकल सेल एनीमिया एक गंभीर अनुवांशिक चुनौती है। इसे ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ एक जन-आंदोलन बनाकर ही समाज से मिटाया जा सकता है। राज्यपाल रविवार को आयोजित एक मेगा स्वास्थ्य शिविर को संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल ने जनता को आगाह किया कि वे सिकल सेल के उपचार को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या भ्रामक जानकारी में न आएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पंजीकृत डॉक्टरों की सलाह पर ही नियमित दवा लें। उन्होंने प्रदेश की उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि अब तक 1 करोड़ 31 लाख से अधिक लोगों की जांच पूरी हो चुकी है। जनजातीय क्षेत्रों में जागरूकता के लिए ‘सिकल सेल मित्र’ तैयार किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान जिला रेडक्रॉस सोसायटी और अरविंदो आयुर्विज्ञान संस्थान के बीच एक महत्वपूर्ण अनुबंध (MoU) भी हुआ, जिसके तहत हर तीन महीने में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा शिविर लगाए जाएंगे।