केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सऊदी अरब के वाणिज्य मंत्री माजिद बिन अब्दुल्ला अल कासबी के साथ वर्चुअल बैठक में महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस बातचीत में पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।
बैठक के दौरान पीयूष गोयल ने हाल ही में घोषित युद्धविराम का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा स्थापित होगी। उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखने में सऊदी अरब के लोगों के प्रयासों की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री ने मौजूदा संघर्ष के दौरान हुए हमलों की निंदा भी की। साथ ही सऊदी अरब में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वहां की सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की प्रशंसा की।
दोनों मंत्रियों ने इस बात पर सहमति जताई कि क्षेत्र में चल रहे संघर्ष के कारण आपूर्ति श्रृंखलाओं पर दबाव पड़ा है। उन्होंने व्यापार को सुचारू बनाए रखने और स्थिति को जल्द सामान्य करने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
पीयूष गोयल ने सऊदी अरब और खाड़ी क्षेत्र में भारत के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी भी साझा की। दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में भारत-जीसीसी मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की वार्ता में तेजी लाने की उम्मीद भी जताई गई। दोनों पक्षों ने आर्थिक सहयोग को और विस्तार देने पर सहमति व्यक्त की।