मध्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और पशुपालकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ‘गोरस मोबाइल ऐप’ विकसित किया गया है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा तैयार यह ऐप पशुपालकों को वैज्ञानिक पद्धति से पशु आहार प्रबंधन की सटीक जानकारी देगा।
विभाग के अनुसार, प्रदेश में 2 करोड़ से अधिक गौ-भैंस वंशीय पशु होने के बावजूद पारंपरिक खान-पान के कारण दुग्ध उत्पादन क्षमता प्रभावित होती है। वैज्ञानिक पोषण के अभाव में पशुओं में गर्भधारण की समस्या और 20-30% कम दूध जैसे संकट देखे जाते हैं। इन्ही समस्याओं को दूर करने के लिए गोरस ऐप बनाया गया है। यह ऐप पूरी तरह से हिंदी में है और बिना इंटरनेट के भी काम करने में सक्षम है। प्रमुख सचिव श्री उमाकांत उमराव ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से किसान घर बैठे ही अपने पशुओं के लिए संतुलित आहार की मात्रा तय कर सकेंगे।