मध्य प्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक भटकते हुए बालक को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाया है। मामला इंदौर जिले के सांवेर थाना क्षेत्र का है, जहाँ 12 अप्रैल की मध्यरात्रि को रिंगनोद चौराहे पर एक 12 वर्षीय बालक अकेला और डरा हुआ घूमता पाया गया।
राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को सूचना मिलते ही डायल-112 एफआरव्ही (FRV) को मौके पर भेजा गया। आरक्षक पारस चौधरी और पायलट धर्मेंद्र पटेल ने बालक को अपनी सुरक्षा में लिया। बालक घबराहट के कारण अपने घर का पता नहीं बता पा रहा था। जवानों ने धैर्य दिखाते हुए उसे पहले सहज किया और फिर आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू की। जब तुरंत सफलता नहीं मिली, तो सोशल मीडिया और कंट्रोल रूम की मदद ली गई। कुछ ही घंटों में परिजनों का पता लगा लिया गया और सत्यापन के बाद बालक को सुरक्षित उन्हें सौंप दिया गया।