राजधानी के रविंद्र भवन स्थित हंस ध्वनि सभागार में आयोजित “नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम-प्रबुद्ध जन सम्मेलन” को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिला सशक्तिकरण के एक नए युग की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आगामी समय में जब विधानसभाओं और लोकसभा में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण प्रभावी होगा, वह उत्सव का क्षण होगा। उन्होंने 16 अप्रैल 2026 की तारीख को महिला सशक्तिकरण के इतिहास में ‘मंगलमय तारीख’ बताया।
मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए रानी दुर्गावती और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नगरीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है और आज 5 महिला मंत्री कैबिनेट की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षा की टॉपर छात्राओं को सम्मानित किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके, सुश्री निर्मला भूरिया और श्रीमती कृष्णा गौर सहित कई जन प्रतिनिधि उपस्थित थे।