आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 195 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने लक्ष्य को महज 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 45 रन तक दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 139 रन की मजबूत साझेदारी कर टीम को जीत की राह पर ला दिया। प्रभसिमरन ने 39 गेंदों में 80 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अय्यर ने 35 गेंदों में 66 रन की अहम पारी खेली।
मुंबई की ओर से क्विंटन डी कॉक ने 112 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। पंजाब के अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट लेकर मैच में अहम भूमिका निभाई और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स 9 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।