लोकसभा में शुक्रवार को संविधान का 131वां संशोधन विधेयक पारित न हो पाने के बाद देश का राजनीतिक पारा चढ़ गया है। मतदान में सरकार को मिले 298 वोटों और विपक्ष के 230 वोटों के समीकरण ने बिल को गिरा दिया, जिसके बाद गृह मंत्री अमित शाह ने मोर्चा संभालते हुए विपक्षी दलों पर सीधा हमला बोला है।
नारी शक्ति के अपमान का आरोप: अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और समाजवादी पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि इन दलों ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के मार्ग में जानबूझकर रोड़ा अटकाया है। शाह ने दोटूक शब्दों में कहा कि महिलाओं को 33% आरक्षण देने वाले इस महत्वपूर्ण बिल को गिराना अत्यंत निंदनीय है और विपक्ष को इसका खामियाजा 2029 के लोकसभा चुनाव सहित हर आगामी चुनाव में ‘नारी शक्ति’ के आक्रोश के रूप में भुगतना पड़ेगा।