मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शुक्रवार को भारतीय विदेश सेवा (IFS) के वर्ष 2025 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुख्यमंत्री निवास स्थित ‘समत्व’ भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने युवा अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया और उनके आगामी करियर के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी चार प्रशिक्षु अधिकारियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए अपनी आत्मीय बधाई दी और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल के संचालक मुजीबुर्रहमान ख़ान सहित शासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। यह भेंट प्रशिक्षु अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का एक हिस्सा थी, जिसमें उन्होंने राज्य के प्रशासनिक मुखिया के साथ संवाद किया।