मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं बोर्ड परीक्षा की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली पन्ना की होनहार छात्रा कु. प्रतिभा सिंह सोलंकी को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। प्रतिभा ने इस परीक्षा में 500 में से 499 अंक प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित ‘समत्व’ भवन में आयोजित एक विशेष मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतिभा और उनके माता-पिता को इस अभूतपूर्व सफलता के लिए बधाई दी।
सम्मान स्वरूप मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कु. प्रतिभा को सुशासन की प्रतीक लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की मूर्ति भेंट की और उनके उज्जवल भविष्य का मार्ग प्रशस्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिभा को आशीर्वाद देते हुए कहा कि ऐसी बेटियाँ पूरे प्रदेश की शान हैं और उनकी यह कड़ी मेहनत लाखों अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। इस अवसर पर प्रतिभा और उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री का पुष्प-गुच्छ भेंट कर अभिवादन किया और उनके स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।