IPL 2026: गुजरात टाइटंस की विजय रथ बरकरार, हैदराबाद को 82 रनों से हराकर अंक तालिका के शीर्ष पर पहुंचे

IPL 2026: गुजरात टाइटंस की विजय रथ बरकरार, हैदराबाद को 82 रनों से हराकर अंक तालिका के शीर्ष पर पहुंचे

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद पर 82 रनों की एकतरफा जीत दर्ज की है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ गुजरात ने टूर्नामेंट में अपनी लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और 16 अंकों के साथ आईपीएल 2026 की अंक तालिका में पहले स्थान पर कब्जा कर लिया है।

मुकाबले की शुरुआत में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 168 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से साई सुदर्शन ने सर्वाधिक 61 रनों की पारी खेलकर टीम को मजबूती दी, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों पर 50 रन जोड़े। हैदराबाद की गेंदबाजी में प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने 2-2 विकेट लिए, जबकि कप्तान पैट कमिंस के खाते में एक सफलता आई।

169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और मात्र 14.5 ओवरों में 86 रन पर सिमट गई। टीम का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और कप्तान पैट कमिंस ने सर्वाधिक 19 रनों का योगदान दिया। गुजरात के गेंदबाजों ने घातक प्रदर्शन किया, जिसमें कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 3-3 विकेट चटकाए, वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट लेकर हैदराबाद की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

इस जीत के बाद गुजरात टाइटंस 12 मैचों में 8 जीत के साथ 16 पॉइंट्स हासिल कर टेबल टॉपर बन गई है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद इस हार के बावजूद 14 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *