उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचकर सिंहस्थ महाकुंभ 2028 की तैयारियों की जमीनी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने रामघाट क्षेत्र का दौरा कर हरसिद्धि पाल से रामघाट तक निर्माणाधीन मार्ग चौड़ीकरण के कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों के सुगम आवागमन के लिए घाटों और सड़कों के चौड़ीकरण का काम युद्ध स्तर पर जारी है। शासन स्तर पर इन सभी निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि इस पौराणिक नगरी को इन विकास कार्यों का दीर्घकालिक लाभ मिल सके। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि उज्जैन के जनप्रतिनिधि, आम नागरिक और सभी धर्मों के लोग इन परियोजनाओं में प्रशासन का पूरा सहयोग कर देश के सामने एक अनूठी मिसाल पेश कर रहे हैं।
रामघाट पर निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने हिदायत दी कि आम श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्यों की गति बढ़ाई जाए। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि कार्यों की गति बढ़ाने के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और पूरा प्रोजेक्ट तय समय-सीमा के भीतर मुकम्मल किया जाए।
सड़क चौड़ीकरण कार्य के निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने होमगार्ड विभाग द्वारा आयोजित बाढ़ बचाव और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर का भी अवलोकन किया। उन्होंने आपदा प्रबंधन का कड़ा अभ्यास कर रहे होमगार्ड के जवानों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री संतोष कुमार जाट ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 250 जवानों को 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस सत्र में जवानों को डीप डाइविंग, तैराकी, लाइफ जैकेट के सही इस्तेमाल, नाविक संचालन, अंडर वॉटर रेस्क्यू (जल के भीतर बचाव) और सर्फेस वॉटर रेस्क्यू जैसी महत्वपूर्ण विधाओं में निपुण बनाया जा रहा है ताकि सिंहस्थ और अन्य आपात स्थितियों में वे त्वरित सहायता प्रदान कर सकें।
इस उच्च स्तरीय निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के साथ कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, राज्यसभा सांसद श्री बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक श्री संजय अग्रवाल, सिंहस्थ मेला अधिकारी एवं संभागायुक्त श्री आशीष सिंह तथा एडीजीपी श्री राकेश गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।