न्यूयॉर्क में पीयूष गोयल की बड़ी बैठक, 50 से अधिक दिग्गज उद्यमियों के साथ भारत-अमेरिका व्यापार मजबूत करने पर मंथन

न्यूयॉर्क में पीयूष गोयल की बड़ी बैठक, 50 से अधिक दिग्गज उद्यमियों के साथ भारत-अमेरिका व्यापार मजबूत करने पर मंथन

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान वैश्विक कॉर्पोरेट जगत के 50 से ज्यादा शीर्ष उद्योगपतियों से मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक में भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, तकनीकी नवाचार और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई-चेन) विकसित करने जैसे रणनीतिक मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस बैठक की जानकारी साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने ‘यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम’ के साथ मिलकर इस राउंडटेबल चर्चा का आयोजन किया था। उन्होंने देश के विकास और विदेशी निवेशकों के लिए उपलब्ध अवसरों की रूपरेखा प्रमुखता से उद्योग जगत के सामने रखी।

पीयूष गोयल के अनुसार, बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश की तेज आर्थिक प्रगति, सुधारों पर आधारित कारोबारी माहौल और वैश्विक निवेशकों के लिए लगातार बढ़ रही संभावनाओं को रेखांकित किया गया। उन्होंने आगे कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक और नवाचार संबंधी साझेदारी को और अधिक मजबूत करने के उपायों पर बात हुई, जिससे दोनों पक्षों के लिए समान रूप से समृद्धि के रास्ते खुल सकें।

इससे पहले, वाणिज्य मंत्री ने कनाडा का दौरा कर वहाँ के कारोबारी समुदाय को भी भारत में निवेश के लिए प्रेरित किया था। टोरंटो में आयोजित एक कार्यक्रम में कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू की उपस्थिति में उन्होंने भारत सरकार द्वारा ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ और निवेशक-अनुकूल नीतियां तैयार करने के निरंतर प्रयासों का जिक्र किया था। उन्होंने कनाडाई उद्योगों को भारत की आर्थिक विकास यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

कनाडा में अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर विशेष बल दिया कि व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों को नई गति देने में एक महत्वपूर्ण उत्प्रेरक (कैटलिस्ट) साबित होगा। इससे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की नई संभावनाएं जन्म लेंगी। उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि भारत-कनाडा आर्थिक संबंधों का आगामी चरण आपसी विश्वास पर आधारित होगा, जो दोनों देशों की समृद्धि को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *