मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को जबलपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय दादा ईश्वरदास रोहाणी की स्मृति में आयोजित ‘गौरव शिखर सम्मान 2026’ समारोह में शिरकत की। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 महान हस्तियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने जबलपुर की प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ के हुनरमंदों ने पूरे देश में अपनी एक विशिष्ट पहचान कायम की है, और ऐसी विभूतियों का आदर करना राज्य के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वर्गीय रोहाणी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के सिद्धांत पर टिकी है, जो पूरे संसार को एक परिवार मानती है। इसी विचार को आत्मसात करते हुए स्वर्गीय रोहाणी ने अपने परोपकारी कार्यों से समाज कल्याण की एक नई मिसाल पेश की। वे एक सच्चे कर्मयोगी थे, जिन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े निर्धन व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने का निरंतर प्रयास किया। जनसेवा, लोकतांत्रिक आदर्शों और संगठन को मजबूत करने में उनका अद्वितीय योगदान हमेशा मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगा।
इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वर्गीय ईश्वरदास रोहाणी के जीवन मूल्यों और आदर्शों पर आधारित एक विशेष पुस्तक का विमोचन भी किया। समारोह की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल हरविंदर सिंह चंद्रा ने की। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारत की प्राचीन गुरुकुल परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि उज्जैन के सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण, बलराम और सुदामा ने शिक्षा पाई थी। इसी पावन स्थल पर कृष्ण-सुदामा की ऐतिहासिक मित्रता की शुरुआत हुई, जो आज भी विपत्ति के समय मित्रों की सहायता करने की सीख देती है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने मानवता को सदैव कर्म की श्रेष्ठता का मार्ग दिखाया है।
समारोह में जिन 12 हस्तियों को सम्मानित किया गया, उनमें शिक्षा क्षेत्र से सुश्री रेखा चुडास्मा, समाज सेवा से डॉ. कैलाश गुप्ता, महिला सशक्तिकरण के लिए सुश्री ज्ञानेश्वरी दीदी, संस्कृति एवं कुटुंब प्रबोधन के लिए श्री नंदलाल नेगांधी और युवा प्रेरणा के लिए श्री सरबजीत सिंह कलासी शामिल हैं। इनके अलावा सनातन ज्ञान के लिए पंडित रोहित दुबे, उद्योग क्षेत्र से श्री नितिन चंडोक, चिकित्सा क्षेत्र से डॉ. वाई. आर. यादव, पत्रकारिता से वरिष्ठ पत्रकार श्री श्याम कटारे, सेवानिवृत्त अधिकारियों की श्रेणी में सब लेफ्टिनेंट (रिटायर्ड) श्री आर. एन. तिवारी, विधि क्षेत्र से पूर्व सांसद श्री आर. एन. सिंह और न्याय के क्षेत्र से जस्टिस श्री देवव्रत माधव धर्माधिकारी को राष्ट्र निर्माण में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए गौरव शिखर सम्मान से नवाजा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी विभूतियों के कार्य युवा पीढ़ी को प्रेरणा देंगे।
कार्यक्रम के सूत्रधार और विधायक अशोक रोहाणी ने स्वागत भाषण में कहा कि सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने की यह परंपरा स्वयं स्वर्गीय रोहाणी जी ने शुरू की थी। उनका दृढ़ विश्वास था कि ऐसे आयोजनों से समाज के अन्य नागरिकों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। इस प्रतिष्ठित आयोजन में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, विधायक नीरज सिंह लोधी, विधायक संतोष बरकड़े, विधायक अभिलाष पांडे, विधायक अजय विश्नोई और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि तथा प्रबुद्ध समाजसेवी उपस्थित रहे।