पटना में चुनाव आयोग ने लॉन्च किया ईएलसी 2.0; मुख्य चुनाव आयुक्त ने युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी पर दिया जोर

पटना में चुनाव आयोग ने लॉन्च किया ईएलसी 2.0; मुख्य चुनाव आयुक्त ने युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी पर दिया जोर

भारत निर्वाचन आयोग ने पटना स्थित ज्ञान भवन में आयोजित ‘इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब्स एंड ईसीआईनेट’ सम्मेलन के दौरान इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब्स 2.0 (ईएलसी 2.0) की शुरुआत की है। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनावी व्यवस्था पर जनविश्वास सुदृढ़ करने, चुनावी साक्षरता के प्रसार और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में शिक्षण संस्थान अहम भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने रेखांकित किया कि देश में निर्वाचन प्रक्रिया संविधान, कानूनी प्रावधानों और आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संचालित होती है, जिसमें सभी चरणों पर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहती है। उन्होंने युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मतदान और मतगणना के नियमों सहित चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से अवगत कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने इसे लोकतंत्र के भविष्य के लिए एक आवश्यक कदम बताया।

सम्मेलन में ईएलसी के नए प्रतीक चिह्न (लोगो) और नई टैगलाइन ‘लोकतंत्र सीखें। लोकतंत्र का नेतृत्व करें’ का अनावरण किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नए और युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रणाली को गहराई से समझने और इसमें भागीदारी करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

अपने 16 और 17 अगस्त 2026 के बिहार प्रवास के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने राजगीर में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ विमर्श किया। इसके साथ ही उन्होंने नालंदा, वैशाली और मधुबनी जिलों में जमीनी स्तर की चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी की।

ईएलसी 2.0 के माध्यम से देशभर के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पूरे वर्ष गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसे ईसीआईनेट डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा, जहां एक अलग ईएलसी पोर्टल तैयार होगा। देश के लगभग 15 लाख विद्यालयों, 25 करोड़ स्कूली विद्यार्थियों, 1,500 विश्वविद्यालयों और 70 हजार उच्च शिक्षण संस्थानों तक इस नेटवर्क का विस्तार कर व्यावहारिक चुनावी शिक्षा, पंजीकरण प्रक्रिया और आयोग के डिजिटल टूल्स की जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *