जयपुर में दूसरी ब्रिक्स पर्यटन कार्य समूह बैठक संपन्न, एआई और सतत विकास पर सदस्य देशों ने दिया जोर

जयपुर में दूसरी ब्रिक्स पर्यटन कार्य समूह बैठक संपन्न, एआई और सतत विकास पर सदस्य देशों ने दिया जोर

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के अंतर्गत पर्यटन मंत्रालय ने राजस्थान के जयपुर में बुधवार को दूसरी ब्रिक्स 2026 पर्यटन कार्य समूह (टीडब्ल्यूजी) बैठक का आयोजन किया। इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार ने की, जिसमें सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई।

पर्यटन मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह बैठक 25 मई 2026 को डिजिटल माध्यम से आयोजित प्रथम कार्य समूह बैठक में तय रूपरेखा पर आधारित थी। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य भारत द्वारा रेखांकित प्राथमिकताओं—विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, पर्यावरण-अनुकूल जिम्मेदार पर्यटन, कौशल विकास, क्षमता निर्माण और आसान यात्रा सुविधाओं के क्षेत्र में आपसी सहयोग को सुदृढ़ करना रहा।

यह बैठक “मजबूती, नवाचार, सहयोग एवं स्थिरता के लिए निर्माण” के व्यापक विषय पर केंद्रित रही। कार्य समूह ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों, यात्रियों की नई अपेक्षाओं और पर्यावरणीय स्थिरता की आवश्यकताओं के बीच पर्यटन क्षेत्र आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और देशों के बीच जन-संवाद को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है।

चर्चा के दौरान भारत द्वारा प्रस्तावित चार प्रमुख विषयगत प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाया गया। इसमें पर्यटन उद्योग में उभरती प्रौद्योगिकियों का जिम्मेदार उपयोग, समुदाय-केंद्रित व सतत पर्यटन को बढ़ावा देना, मानव पूंजी का विकास और सदस्य देशों के बीच निर्बाध यात्रा संपर्क स्थापित करने के उपायों पर विशेष ध्यान दिया गया।

कार्यक्रम के तहत ब्रिक्स प्रतिनिधिमंडल गुरुवार, 20 अगस्त 2026 को जयपुर के ऐतिहासिक स्थलों का तकनीकी दौरा करेगा। इस दौरान प्रतिनिधि हवा महल, सिटी पैलेस और आमेर पैलेस का भ्रमण कर राजस्थान की समृद्ध स्थापत्य कला एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *