भारत और ब्राजील ने दूरसंचार और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) में द्विपक्षीय साझेदारी को प्रगाढ़ करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह सहमति पुणे में आयोजित 12वीं ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक के अवसर पर बनी।
इस समझौते पर भारत के केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया और ब्राजील के संचार मंत्री फ्रेडेरिको डी सिक्वेरा फिल्हो ने दस्तखत किए। दूरसंचार विभाग के अनुसार, इस साझेदारी का प्राथमिक लक्ष्य डिजिटल नवाचार को गति देना, डिजिटल अवसंरचना को मजबूत बनाना और उभरती हुई प्रौद्योगिकियों में आपसी सहयोग का विस्तार करना है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह एमओयू दोनों देशों के बीच सार्वभौमिक कनेक्टिविटी, साइबर सुरक्षा, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, क्षमता निर्माण और बेहतरीन तौर-तरीकों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा। उन्होंने इस कदम को एक सुरक्षित और समावेशी डिजिटल भविष्य के निर्माण की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण बताया।
इस मंत्रिस्तरीय कार्यक्रम में ब्रिक्स देशों के सरकारी अधिकारियों के अलावा उद्योग जगत, शिक्षा क्षेत्र, स्टार्टअप्स और शोध संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। उल्लेखनीय है कि इस मंच को वर्ष 2021 में भारत की मेजबानी में संपन्न 7वीं ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक में संस्थागत रूप प्रदान किया गया था, जो ब्रिक्स आईसीटी ट्रैक के तहत हितधारकों के समन्वय का एक प्रमुख केंद्र है।
बैठक के दौरान आयोजित सत्रों में विभिन्न प्राथमिकताओं पर विमर्श हुआ। पहले विषयगत सत्र में साइबर सुरक्षा, विश्वसनीय आईसीटी और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा सहित डिजिटल बदलाव के सुरक्षा पहलुओं पर विचार किया गया। वहीं, दूसरे सत्र में टिकाऊ एवं लचीले डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र, किफायती व सार्वभौमिक कनेक्टिविटी, पर्यावरण-अनुकूल बुनियादी ढांचे तथा सैटेलाइट व गैर-स्थलीय प्रणालियों जैसी नई तकनीकों की भूमिका पर चर्चा की गई।