पश्चिम एशिया में उभरे नए तनावों के बीच सप्ताह के शुरुआती कारोबारी सत्र यानी सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई। आईटी, मेटल, मीडिया और सरकारी बैंकों के शेयरों में हुई बिकवाली के चलते बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक—सेंसेक्स और निफ्टी—0.50 प्रतिशत के नुकसान के साथ बंद हुए।
दिनभर की ट्रेडिंग के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 382.62 अंक यानी 0.50 फीसदी गिरकर 76,132.81 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 118.55 अंक यानी 0.50 फीसदी फिसलकर 23,779.15 के स्तर पर आ गया।
दिन के रुझान पर गौर करें तो सेंसेक्स अपने पूर्व बंद 76,515.43 की तुलना में 69 अंक नीचे 76,446.05 पर खुला था। सत्र के दौरान इसमें तेज गिरावट आई और यह 545 अंक (0.71 प्रतिशत) लुढ़ककर 75,970.52 के निचले स्तर पर चला गया। उधर निफ्टी 50 पूर्व स्तर 23,897.70 के मुकाबले 14.54 अंक नीचे 23,883.15 पर खुला और दिन के कारोबार में 159.8 अंक (0.66 प्रतिशत) की कमजोरी के साथ 23,737.90 के इंट्रा-डे निचले स्तर तक पहुंच गया।
ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप 0.46 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप में 0.02 प्रतिशत की मामूली बढ़त देखी गई। क्षेत्रीय सूचकांकों में निफ्टी आईटी, मेटल, पीएसयू बैंक, रियल्टी और मीडिया का प्रदर्शन कमजोर रहा, जबकि फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे।
निफ्टी 50 इंडेक्स में शामिल कंपनियों में इंफोसिस, एसबीआई लाइफ, एचडीएफसी लाइफ, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, टेक महिंद्रा और विप्रो सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, अपोलो हॉस्पिटल, एलएंडटी, कोल इंडिया, भारती एयरटेल, मैक्स हेल्थ और सिप्ला के शेयरों में सर्वाधिक तेजी दर्ज की गई। साथ ही आयशर मोटर्स, मारुति सुजुकी इंडिया, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, इंडिगो, अदाणी इंटरप्राइजेज, आईसीआईसीआई बैंक और पावरग्रिड के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।