संयुक्त अरब अमीरात में ‘एनुअल इन्वेस्टमेंट मीटिंग’ (एआईएम कांग्रेस-2026) के अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और एक्सपो सेंटर के चेयरमैन अब्दल्ला सुल्तान अल ओवैस से एक महत्वपूर्ण औपचारिक बैठक की। इस संवाद का मुख्य केंद्र मध्यप्रदेश और शारजाह के बीच आपसी वाणिज्यिक रिश्तों को नई ऊंचाई देना तथा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को धरातल पर उतारना था। वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने चेयरमैन अल ओवैस को अगले साल राज्य में प्रस्तावित ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ (जीआईएस-2027) में भाग लेने का औपचारिक न्योता दिया।
बैठक में दोनों क्षेत्रों के बीच एक सुदृढ़ और दूरगामी आर्थिक तंत्र विकसित करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चेयरमैन से आग्रह किया कि वे शारजाह के एक उच्चस्तरीय कारोबारी दल के साथ मध्यप्रदेश का दौरा करें। इसके साथ ही दोनों क्षेत्रों के उद्यमियों के मध्य बी-2-बी बैठकों को निरंतरता देने के लिए ‘मध्यप्रदेश-शारजाह बिजनेस फोरम’ स्थापित करने का सुझाव दिया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य के छोटे उद्योगों (एमएसएमई) और निर्यातकों की पहुंच खाड़ी देशों के प्रमुख वितरकों और क्रेताओं तक सुनिश्चित करने के लिए चैंबर से सेतु बनने का आह्वान किया।
औद्योगिक निवेश के दायरे को विस्तार देते हुए मुख्यमंत्री ने शारजाह के प्रमुख निवेशकों को प्रदेश की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं में भागीदारी का प्रस्ताव दिया। उन्होंने विशेष रूप से फूड पार्क, कोल्ड चेन इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, कपड़ा उद्योग, फार्मास्यूटिकल्स, अक्षय ऊर्जा और पर्यटन विकास में पूंजी निवेश की संभावनाओं को रेखांकित किया।
मध्यप्रदेश की खूबियों को साझा करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि देश के मध्य में स्थित होना, लागत की अनुकूलता, विशाल औद्योगिक भूमि और विश्वस्तरीय अधोसंरचना राज्य को एक प्रमुख विनिर्माण और सेवा केंद्र के रूप में स्थापित करते हैं। राज्य सरकार पारदर्शी नियमों और त्वरित सिंगल-विंडो व्यवस्था के जरिए उद्यमियों को हर स्तर पर सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शारजाह के वैश्विक व्यापारिक नेटवर्क का लाभ मध्यप्रदेश के उत्पादों के निर्यात, कौशल विकास, तकनीकी तालमेल और रोजगार सृजन को मिलेगा।
यह पहल भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच जारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी और ‘सीईपीए’ की पृष्ठभूमि में आगे बढ़ रही है। शारजाह चैंबर ने भारत के मुंबई जैसे व्यापारिक केंद्रों में मैन्युफैक्चरिंग, जेम्स-ज्वेलरी, सूचना प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और रियल एस्टेट से जुड़े कई व्यापारिक मिशन आयोजित किए हैं। चैंबर के नेतृत्वकर्ता श्री अब्दल्ला सुल्तान अल ओवैस मई 2014 से चैंबर व एक्सपो सेंटर के चेयरमैन हैं और यूएई फेडरेशन ऑफ चैंबर्स के वाइस चेयरमैन के रूप में बैंकिंग, उद्योग, कृषि और खाद्य उत्पादन के क्षेत्र में लंबा प्रशासनिक अनुभव रखते हैं।
बैठक के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शारजाह के आधुनिक विकास मॉडल को भी समझा। चैंबर के प्रदर्शनी कक्ष में आयोजित एक विशेष प्रदर्शनी के जरिए चेयरमैन श्री ओवैस ने मुख्यमंत्री को वर्ष 1974 से लेकर अब तक के शारजाह के ऐतिहासिक, सामाजिक और औद्योगिक रूपांतरण से अवगत कराया।